आज से फाटक शेख सलीम में तीन दिवसीय मजलिसों का दौर, 12 अगस्त को ताबूत-अलम और दुलदुल का जुलूस...
वाराणसी :- इमाम-ए-हसन और पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब की याद में फाटक शेख सलीम इलाके में तीन दिवसीय मजलिस का आयोजन सोमवार से शुरू होगा। रिज़वी हाउस में होने वाली इन मजलिसों के बाद 12 अगस्त को ताबूत, अलम और दुलदुल का पारंपरिक जुलूस निकाला जाएगा।
सैयद सबीर हुसैन रिज़वी के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम की पहली मजलिस सोमवार रात साढ़े नौ बजे होगी। इसमें मौलाना सैयद अकील हुसैनी तकरीर करेंगे। मंगलवार रात साढ़े नौ बजे दूसरी मजलिस होगी, जिसे मौलाना वसीम असगर रिज़वी संबोधित करेंगे। बुधवार को तीसरी मजलिस में सैयद सलमान हैदर खिताब करेंगे।
तीनों दिन मजलिस की शुरुआत सैयद मजाहिर हुसैन रिज़वी की सोजख्वानी से होगी। इसके बाद अकीदतमंद इमाम-ए-हसन और हजरत मोहम्मद साहब की याद में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।
12 अगस्त को मजलिस के उपरांत ताबूत, अलम और दुलदुल का जुलूस निकाला जाएगा। जुलूस में अंजुमन हैदरी बनारस की ओर से नौहाख्वानी और मातम किया जाएगा। जुलूस अपने पारंपरिक मार्ग से आगे बढ़ते हुए फाटक शेख सलीम, तुलसी कुआं, काली महल, पितरकुंडा और लल्लापुरा से होकर दरगाह-ए-फातमान पहुंचेगा।
दरगाह-ए-फातमान में पहुंचने के बाद जुलूस का समापन किया जाएगा। आयोजन को लेकर स्थानीय स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और बड़ी संख्या में अकीदतमंदों के शामिल होने की उम्मीद है।

No comments