• Breaking News

    यूपी में मानसून फिर एक्टिव, आज कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; वाराणसी में भी बदलेगा मौसम

    लखनऊ :- उत्तर प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां एक बार फिर जोर पकड़ती दिखाई दे रही हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार, 10 अगस्त को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और हवाएं चलने की संभावना है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट के साथ मौसम में नमी बनी रह सकती है।

    राजधानी लखनऊ में दिनभर आसमान में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में गरज-चमक के साथ तेज बारिश की संभावना जताई गई है। कानपुर में उमस के बीच बादलों की आवाजाही और मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है।

    वाराणसी में छाए रहेंगे बादल

    वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में भी मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और कुछ स्थानों पर बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश हो सकती है। मौसम में बदलाव से लोगों को उमस से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

    आज इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

    मौसम विभाग ने 10 अगस्त को सहारनपुर, ललितपुर, झांसी, महोबा, बांदा और चित्रकूट में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में बारिश के दौरान गरज-चमक और तेज हवाओं का असर भी देखने को मिल सकता है।

    11 अगस्त को भी बारिश का दौर जारी

    मंगलवार, 11 अगस्त को भी प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। झांसी, ललितपुर, महोबा, बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर, जालौन, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बागपत और शामली में बारिश का असर देखने को मिल सकता है।

    तेज बारिश से जलभराव और बाढ़ का खतरा

    लगातार सक्रिय मानसून के कारण निचले इलाकों में जलभराव की समस्या बढ़ सकती है। वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश के चलते अचानक बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बना रह सकता है। लोगों को मौसम खराब होने के दौरान नदी, नाले और अन्य जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

    मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र, दिल्ली-एनसीआर, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तराखंड समेत कई इलाकों में भी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।

    कई राज्यों में मानसून का असर

    10 अगस्त को उत्तर भारत के अलावा देश के कई राज्यों में मानसून सक्रिय रहने का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी भारी बारिश के साथ तेज हवाएं और आकाशीय बिजली का खतरा बना रह सकता है।

    मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि गरज-चमक और आकाशीय बिजली के दौरान खुले मैदानों में जाने से बचें और खराब मौसम के समय सुरक्षित स्थान पर रहें।


    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad