वाराणसी में बेकाबू गैस टैंकर का कहर, तीन कारों को रौंदा; 5 KM तक लगा भीषण जाम...
वाराणसी :- मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बांग्लाचट्टी में रविवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। प्रयागराज की ओर से वाराणसी आ रहे इंडेन गैस के कैप्सूल टैंकर ने अचानक नियंत्रण खो दिया और सामने से आ रही तीन गाड़ियों को लगातार टक्कर मार दी। हादसे में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, लेकिन सभी सवार बाल-बाल बच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बांग्लाचट्टी के पास पहुंचते ही गैस टैंकर अचानक अनियंत्रित हो गया। देखते ही देखते उसने सामने से आ रही नेक्सन, स्कॉर्पियो समेत तीन वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन घूमते हुए सड़क पर दूर जा गिरे। कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दरोगा की नेक्सन भी टैंकर की चपेट में
हादसे में आजमगढ़ में तैनात दरोगा लवकुश सोनकर की नेक्सन कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। वह छुट्टी लेकर अपने घर प्रयागराज जा रहे थे। टक्कर के बाद उनकी कार को काफी नुकसान पहुंचा। हादसे के तुरंत बाद उन्होंने टैंकर चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
नासिक जा रही स्कॉर्पियो भी बनी शिकार
हरहुआ निवासी एक अधिवक्ता की स्कॉर्पियो भी टैंकर की चपेट में आ गई। वाहन में अधिवक्ता समेत पांच लोग सवार थे और सभी रिश्तेदारों के साथ नासिक दर्शन के लिए जा रहे थे। स्कॉर्पियो पर विधायक का पास भी लगा था। टक्कर के बावजूद वाहन में सवार सभी लोग सुरक्षित रहे।
कांवड़ियों की कार को भी मारी टक्कर
टैंकर ने कांवड़ियों की कार को भी टक्कर मारी। कार में पांच लोग सवार थे, जो वाराणसी में जल चढ़ाने के बाद मध्य प्रदेश के रीवा लौट रहे थे। कार सवार सुरेंद्र और मोहित ने बताया कि टैंकर को अचानक सामने से अनियंत्रित होकर आते देखकर एक पल के लिए उन्हें लगा कि बड़ा हादसा हो जाएगा। हालांकि सभी लोग सुरक्षित बच गए।
तीन वाहनों के बीच हाईवे पर मचा जाम
हादसे के बाद तीनों क्षतिग्रस्त वाहन सड़क पर फैल गए, जिससे हाईवे पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। देखते ही देखते दोनों तरफ करीब पांच किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार लग गई।
सूचना मिलते ही मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाने का काम शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद यातायात को सामान्य कराया जा सका।पुलिस ने गैस टैंकर चालक को हिरासत में ले लिया है। टैंकर अचानक अनियंत्रित क्यों हुआ और हादसे की वास्तविक वजह क्या रही, इसकी जांच की जा रही है।


No comments