चोरी से पहले शोरूम में कॉफी पी, नहाया और किया लुंगी डांस; फिर 4.70 लाख की KTM लेकर फरार हुआ चोर
शोरूम में घुसने के बाद चोर ने जल्दबाजी में चोरी करने के बजाय काफी देर तक वहां समय बिताया। CCTV फुटेज में वह कॉफी पीता, वॉशरूम में नहाता और गाने चलाकर डांस करता दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि उसने बाइक के कवर को फाड़कर उसे लुंगी की तरह इस्तेमाल किया और उस पर भी डांस किया।
इसके बाद चोर ने शोरूम में रखी KTM Adventure 390 पर नजर डाली। बाइक की चाबी पहले से लगी हुई थी। चोर ने बाइक स्टार्ट की और मंगलवार तड़के करीब चार बजे शोरूम से बाहर निकल गया।
गार्ड ने दी शोरूम में चोरी की सूचना
शोरूम मैनेजर के मुताबिक, वह अपनी KTM बाइक शोरूम में ही खड़ी करके गए थे। बाइक करीब तीन महीने पहले खरीदी गई थी और उसकी चाबी भी बाइक में लगी हुई थी। मंगलवार सुबह गार्ड ने फोन कर बताया कि शोरूम का मुख्य दरवाजा क्षतिग्रस्त है।
सूचना मिलते ही मैनेजर मौके पर पहुंचे। अंदर जांच करने पर बाइक गायब मिली। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
CCTV फुटेज से खुली चोर की करतूत
पुलिस के पहुंचने के बाद CCTV फुटेज खंगाली गई तो चोर की पूरी गतिविधि कैमरे में कैद मिली। फुटेज में वह शोरूम के अंदर आराम से घूमता, कॉफी पीता, नहाता और डांस करता नजर आया। इसके बाद उसने बाइक चोरी की और मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की तथा जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और तलाश शुरू कर दी है। उसकी तस्वीर आसपास के थानों को भी भेजी गई है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

No comments