• Breaking News

    काशी में गूंजा ‘भारत माता की जय’ का जयघोष, निकली भव्य तिरंगा यात्रा

    वाराणसी :- स्वतंत्रता दिवस से पहले गुरुवार को काशी पूरी तरह राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगी नजर आई। ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से डॉ. संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। प्रदेश सरकार के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, युवाओं, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर सहभागिता की।
    महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ परिसर से शुरू हुई तिरंगा यात्रा मलदहिया और लहुराबीर चौराहा होते हुए डॉ. संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय पहुंची। यात्रा के दौरान पूरा मार्ग ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से गूंजता रहा। पीएसी और पुलिस बैंड की देशभक्ति से ओतप्रोत धुनों ने माहौल में जोश और उत्साह भर दिया।
    'तिरंगा भारत की पहचान, स्वाभिमान और शक्ति का प्रतीक’

    यात्रा के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि तिरंगा महज तीन रंगों का ध्वज नहीं, बल्कि भारत की पहचान, स्वाभिमान, शक्ति और अटूट संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हाथ में तिरंगा आते ही देश की सुरक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर जवानों का स्मरण होना चाहिए।

    उन्होंने कहा कि भारतीय सेना के अदम्य साहस, वैज्ञानिकों की उपलब्धियों और खिलाड़ियों की अंतरराष्ट्रीय सफलताओं ने दुनिया में भारत का गौरव बढ़ाया है। चंद्रयान और मंगलयान जैसे अंतरिक्ष अभियानों से लेकर वैश्विक खेल प्रतियोगिताओं तक भारतीय प्रतिभाओं ने तिरंगे का मान बढ़ाया है।

    ‘युवा भारत का भविष्य ही नहीं, वर्तमान भी हैं’

    स्वतंत्र देव सिंह ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज का युवा केवल रोजगार पाने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने की क्षमता रखने वाला भी है। युवा भारत का भविष्य होने के साथ-साथ देश का वर्तमान भी है।

    उन्होंने युवाओं से विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब देश के सैनिक सीमा पर डटकर राष्ट्र की रक्षा कर रहे हैं, वैज्ञानिक नई उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं और खिलाड़ी विश्व पटल पर तिरंगा फहरा रहे हैं, तो प्रत्येक नागरिक को भी देश की प्रगति में अपना योगदान देने का संकल्प लेना चाहिए।

    जगह-जगह हुआ तिरंगा यात्रा का स्वागत

    काशी की प्रमुख सड़कों से होकर गुजर रही तिरंगा यात्रा को देखने के लिए जगह-जगह स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी। कई स्थानों पर नागरिकों ने यात्रा का स्वागत किया। हाथों में तिरंगा लिए विद्यार्थियों और युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। सड़कों पर लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों ने स्वतंत्रता दिवस से पहले काशी के माहौल को पूरी तरह राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया।

    यात्रा के समापन के बाद भी लोगों में देशभक्ति का उत्साह बना रहा। इस दौरान नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा देश की एकता, अखंडता और गौरव के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करने की अपील की गई।

    बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

    ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आयोजित इस यात्रा में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, महापौर अशोक कुमार तिवारी, एलएलसी धर्मेंद्र सिंह, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक डॉ. अवधेश सिंह, विधायक सुनील कुमार पटेल, विधायक टी. राम, क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया, जिला अध्यक्ष रामसकल पटेल और महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

    इसके अलावा मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, एडिशनल पुलिस आयुक्त शिव हरी मीणा, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह समेत प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी भी यात्रा में मौजूद रहे।

    तिरंगा यात्रा ने काशी में राष्ट्रप्रेम और जनभागीदारी की मजबूत तस्वीर पेश की। हजारों हाथों में लहराते तिरंगे और गूंजते देशभक्ति के नारों ने स्वतंत्रता दिवस से पहले पूरे शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।


    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad