वाराणसी केंद्रीय कारागार में गूंजी ‘भारत माता की जय’, निकली भव्य तिरंगा यात्रा
वाराणसी :- ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत गुरुवार को वाराणसी केंद्रीय कारागार में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। वरिष्ठ कारागार अधीक्षक रामकृष्ण मिश्रा के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में जेल प्रशासन के अधिकारी और कर्मचारी हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। इस दौरान ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से पूरा कारागार परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया।तिरंगा यात्रा में ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को छोड़कर 150 से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। इसमें कार्यालय स्टाफ, फार्मासिस्ट समेत कारागार के विभिन्न विभागों में कार्यरत कर्मचारी शामिल रहे। यात्रा का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना रहा।वरिष्ठ कारागार अधीक्षक रामकृष्ण मिश्रा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आह्वान पर ‘हर घर तिरंगा’ पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसी क्रम में 13 अगस्त को केंद्रीय कारागार के स्टाफ की ओर से तिरंगा यात्रा आयोजित की गई।उन्होंने बताया कि कारागार में निरुद्ध बंदियों ने भी राष्ट्रभक्ति की भावना का प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने सर्किलों में तिरंगा यात्रा निकाली। बंदियों ने समूह बनाकर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारे लगाए। जेल प्रशासन की टीम ने अलग-अलग सर्किलों में पहुंचकर बंदियों को भी इस अभियान से जोड़ा।
रामकृष्ण मिश्रा ने कहा कि कारागार में निरुद्ध होने के बावजूद बंदियों के भीतर देश के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना मौजूद है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से उन्हें राष्ट्रीय एकता, नागरिक जिम्मेदारी और राष्ट्रध्वज के सम्मान का संदेश दिया जा रहा है।
केंद्रीय कारागार में आयोजित इस तिरंगा यात्रा ने यह संदेश दिया कि देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति सम्मान की भावना हर व्यक्ति के भीतर समान रूप से विद्यमान है।




No comments