• Breaking News

    काशी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से बढ़ी चिंता, कई घाटों पर मंदिर जलमग्न; प्रशासन ने बढ़ाई निगरानी

    यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है
    वाराणसी :-
    सावन के बीच काशी में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ने से घाटों पर स्थिति गंभीर होती जा रही है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार शुक्रवार सुबह 8 बजे गंगा का जलस्तर 63.72 मीटर दर्ज किया गया। जलस्तर में करीब 2 सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से वृद्धि जारी है।

    जलस्तर बढ़ने का असर अब घाटों पर साफ दिखाई देने लगा है। सिंधिया घाट क्षेत्र में स्थित कई मंदिरों में पानी प्रवेश कर गया है। वहीं अस्सी घाट से राजघाट तक कई स्थानों पर मंदिर और निचले हिस्से जलमग्न हो गए हैं। पानी बढ़ने के कारण कई घाटों के बीच आवागमन भी प्रभावित हुआ है और उनका आपसी संपर्क टूट गया है।

    स्थिति को देखते हुए प्रशासन और जल पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है। जल पुलिस प्रभारी सुधीर त्रिपाठी ने बताया कि सावन के सोमवार और नाग पंचमी के मद्देनजर घाटों पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

    लाउडस्पीकर के जरिए लगातार लोगों को गहरे पानी में जाने से बचने और नदी के किनारे सावधानी बरतने की अपील की जा रही है। जल पुलिस की टीमें नावों के जरिए विभिन्न घाटों पर निगरानी कर रही हैं।

    प्रशासन ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से अपील की है कि बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नदी में जाने से बचें और घाटों पर तैनात सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का पालन करें।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad