• Breaking News

    मैगी नहीं मिली तो दबंगों ने मचाया तांडव, दो रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ के बाद कार में लगाई आग, CCTV में कैद वारदात.....

    वाराणसी :- कैंट थाना क्षेत्र में देर रात मैगी नहीं मिलने को लेकर युवकों के एक समूह पर दो रेस्टोरेंट में जमकर उत्पात मचाने का आरोप लगा है। सरसौली (भोजूबीर) और चांदमारी इलाके में हुई इस घटना में आरोपियों ने कथित तौर पर रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ की, संचालक की कार में आग लगा दी और एक कर्मचारी के साथ हॉकी-डंडों से मारपीट की। आगजनी की घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
    पीड़ितों का आरोप है कि करीब 15 युवक बिना नंबर प्लेट वाली 5-6 बाइकों से पहुंचे थे। घटना के बाद पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है।
    मैगी बनाने से मना किया तो शुरू हुआ विवाद
    जानकारी के मुताबिक, चांदमारी स्थित VDA कॉलोनी के एक रेस्टोरेंट में देर रात करीब 10:30 बजे कुछ युवक पहुंचे। रेस्टोरेंट बंद होने के समय उन्होंने मैगी बनाने की मांग की। संचालिका के मुताबिक, रेस्टोरेंट बंद होने के कारण मैगी बनाने से मना करने पर युवकों ने विवाद किया और वहां से चले गए।
    आरोप है कि कुछ देर बाद इन्हीं युवकों ने रास्ते में रेस्टोरेंट के एक कर्मचारी को घेर लिया और हॉकी-डंडों से उसके साथ मारपीट की। घटना के बाद कर्मचारी घायल हो गया।

    दूसरे रेस्टोरेंट में तोड़फोड़, कार में लगाई आग

    इसके बाद युवकों के सरसौली स्थित एक अन्य कैफे पहुंचने का आरोप है। कैफे संचालक आदित्य सोनकर के मुताबिक, 12 अगस्त की देर रात वह अपने ममेरे भाई अभिषेक सोनकर के साथ कैफे बंद कर अंदर आराम कर रहे थे।
    आरोप है कि इसी दौरान करीब 15 युवक कई बाइकों से वहां पहुंचे और कैफे में घुसने का प्रयास करने लगे। दरवाजे पर हॉकी और रॉड से वार कर तोड़फोड़ की गई। बाहर रखे सामान को भी नुकसान पहुंचाया गया।

    पीड़ित का आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपियों ने जातिसूचक अपशब्द कहे और इसके बाद बाहर खड़ी कार में आग लगा दी। आग लगाने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हुई है।

    5 हजार रुपये रंगदारी मांगने का भी आरोप

    कैफे संचालक ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि उसे फोन पर धमकी देकर हर महीने 5 हजार रुपये रंगदारी देने की मांग की गई। आरोप है कि रकम नहीं देने पर वाराणसी में रेस्टोरेंट नहीं चलाने देने की धमकी दी गई।

    पीड़ित ने तहरीर में कुछ युवकों के नाम भी पुलिस को बताए हैं। इनमें आदित्य रघुवंशी, अभिषेक रघुवंशी उर्फ पंतु, सन्नी सिंह और शाश्वत पंडित समेत अन्य लोगों के नाम शामिल हैं।

    CCTV फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस

    आगजनी और मारपीट की सूचना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। CCTV फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

    फिलहाल पुलिस पूरे मामले में तहरीर, CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई आगे बढ़ा रही है। पीड़ितों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad