रक्षाबंधन पर डाक विभाग की खास पहल, भाइयों तक सुरक्षित पहुंचेगी बहनों की राखी
वाराणसी :- रक्षाबंधन के पर्व को देखते हुए डाक विभाग ने बहनों की सुविधा के लिए विशेष वाटरप्रूफ राखी लिफाफे उपलब्ध कराए हैं। महज 10 रुपये कीमत वाले इन आकर्षक लिफाफों में राखी के साथ शुभकामना संदेश भी सुरक्षित भेजा जा सकता है। बारिश के मौसम को ध्यान में रखते हुए लिफाफों की पैकिंग उच्च गुणवत्ता की रखी गई है, ताकि राखी और संदेश पानी से खराब न हों।डाक विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, राखी वाले इन विशेष लिफाफों की अलग से छंटाई कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर गंतव्य के लिए भेजा जा रहा है। इसका उद्देश्य रक्षाबंधन से पहले बहनों की राखियां उनके भाइयों तक सुरक्षित और समय पर पहुंचाना है।
विश्वेश्वरगंज स्थित प्रधान डाकघर में इन विशेष राखी लिफाफों की रोजाना करीब 40 से 50 बिक्री हो रही है। शहर के अन्य डाकघरों में भी यह सुविधा उपलब्ध कराई गई है। दूसरे जिलों और राज्यों में रहने वाले भाइयों को राखी भेजने के लिए बड़ी संख्या में बहनें इन लिफाफों का इस्तेमाल कर रही हैं।
शनिवार को विश्वेश्वरगंज डाकघर पहुंचीं रेलवे कॉलोनी निवासी खुशी ने बताया कि उनके पिता हरियाणा के फरीदाबाद में रहते हैं। वह अपने पिता के लिए इसी वाटरप्रूफ लिफाफे में राखी भेजने पहुंची थीं।
डाक विभाग ने विदेशों में रहने वाले भाइयों तक भी राखी भेजने की व्यवस्था की है। इसके अलावा राखी के साथ उपहार भेजने वाले लोगों के लिए पार्सल की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। अधिकारियों के अनुसार, रक्षाबंधन को लेकर डाकघरों में आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि बहनों का स्नेह और राखी सुरक्षित रूप से समय पर उनके भाइयों तक पहुंच सके।


No comments