• Breaking News

    वाराणसी श्रेया हत्याकांड: शादी तय होने के बाद बढ़ी रंजिश, करोड़ों की संपत्ति बनी हत्या की वजह? मुख्य आरोपी फरार

    वाराणसी :- मरुई गांव की छात्रा श्रेया उपाध्याय हत्याकांड में वारदात के 48 घंटे बाद भी मुख्य आरोपी विवेक चौबे पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। बच्छांव स्थित एक कमरे के बाथरूम में श्रेया का शव मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश में चार विशेष टीमें गठित की हैं। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

    श्रेया एमएससी की पढ़ाई के साथ नीट की तैयारी कर रही थी। परिजनों के मुताबिक, वह पढ़ाई में मदद लेने के लिए फार्मेसी की पढ़ाई कर चुके विवेक चौबे के संपर्क में थी और उसे भाई जैसा मानती थी। परिवार का आरोप है कि विवेक की नीयत श्रेया के प्रति ठीक नहीं थी।

    शादी तय होने के बाद बढ़ी रंजिश

    श्रेया के चचेरे भाई अंशुमन उपाध्याय ने आरोप लगाया कि श्रेया अपने पिता सुनील उपाध्याय की इकलौती बेटी थी। परिवार के पास करोड़ों रुपये की संपत्ति और जमीन है। परिजनों के अनुसार, श्रेया की शादी हाल ही में DRDO के एक अधिकारी से तय हुई थी। नवंबर में सगाई और फरवरी में शादी प्रस्तावित थी।

    परिवार का दावा है कि शादी तय होने के बाद विवेक को लगा कि श्रेया की शादी के बाद पारिवारिक संपत्ति पर उसका प्रभाव खत्म हो जाएगा। इसी को हत्या की संभावित वजह बताया जा रहा है। हालांकि, इस दावे की पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

    18 अगस्त को निकली थी घर से, दो दिन बाद मिला शव

    परिजनों के मुताबिक, श्रेया 18 अगस्त को जगतपुर पीजी कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली थी। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस बच्छांव स्थित उस कमरे तक पहुंची थी, जहां बाद में उसका शव मिला।

    परिवार का आरोप है कि कमरे पर ताला लगा होने के कारण पुलिस उस समय वापस लौट गई। अगले दिन विवेक के मामा चाबी लेकर पहुंचे, जिसके बाद कमरे का दरवाजा खोला गया। अंदर बाथरूम में श्रेया का शव मिला। घटना के बाद परिवार ने विवेक के मामा की भूमिका को लेकर भी सवाल उठाए हैं।

    आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित

    घटना के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी विवेक चौबे की गिरफ्तारी के लिए चार विशेष टीमें गठित की हैं। पुलिस की टीमें उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं और उसके संपर्कों की भी जांच की जा रही है।

    DCP क्राइम/गोमती नीतू कादयान के मुताबिक, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार काम कर रही हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

    परिवार ने की सख्त कार्रवाई की मांग

    श्रेया की हत्या से परिवार में आक्रोश है। पिता सुनील उपाध्याय और चचेरे भाई अंशुमन उपाध्याय ने आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। परिवार ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और कठोर सजा की मांग करते हुए पुलिस से मामले की निष्पक्ष और जल्द जांच की अपील की है।

    फिलहाल पुलिस की जांच का केंद्र मुख्य आरोपी विवेक चौबे की गिरफ्तारी, हत्या की वास्तविक वजह और वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका को लेकर है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के पीछे की पूरी कहानी स्पष्ट हो सकेगी।


    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad