• Breaking News

    नागपंचमी पर श्रद्धालुओं को नहीं होगी परेशानी, नगर आयुक्त ने नागकुआं पहुंचकर परखी तैयारियां

    वाराणसी :-
    नागपंचमी पर्व को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए नगर निगम की ओर से मेला क्षेत्र में सफाई, प्रकाश, पेयजल और जल निकासी समेत सभी जरूरी व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है।
    इसी क्रम में रविवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने जैतपुरा स्थित ऐतिहासिक नागकुआं क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने पूरे मेला क्षेत्र का भ्रमण कर सफाई व्यवस्था, प्रकाश, जल निकासी और पेयजल सुविधाओं का जायजा लिया। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नागपंचमी के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
    निरीक्षण के दौरान उन्होंने मेला क्षेत्र में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही श्रद्धालुओं के लिए निर्बाध एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जलकल एवं सिविल विभाग के जेई को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पर्व से पहले ही पूरी तरह दुरुस्त करने को कहा गया।
    नगर आयुक्त ने नागकुआं के बाद औसानगंज वार्ड का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने सफाई व्यवस्था समेत अन्य नागरिक सुविधाओं की स्थिति देखी और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागपंचमी के मेला क्षेत्र के साथ-साथ आसपास के वार्डों में भी सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

    नगर निगम की टीम को मेला क्षेत्र में नियमित सफाई, कूड़ा उठान और नागरिक सुविधाओं की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।
    निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पार्षद, जलकल विभाग के जेई, सिविल विभाग के जेई, सफाई निरीक्षक अवनीश दुबे सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad