बीएचयू परिसर में गूंजे देशभक्ति के नारे, कुलपति समेत बड़ी संख्या में विद्यार्थी तिरंगा रैली में हुए शामिल
वाराणसी :- हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में गुरुवार को भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), बीएचयू की ओर से आयोजित इस रैली में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।मालवीय भवन प्रांगण से शुरू हुई रैली को बीएचयू के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान कुलपति स्वयं हाथ में तिरंगा लेकर रैली में शामिल हुए और विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया। रैली मालवीय भवन से आगे बढ़ते हुए डीएसडब्ल्यू चौराहा और वाणिज्य संकाय से होकर एम्फीथिएटर मैदान पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।
रैली के दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के नारों से गूंजता रहा। हाथों में तिरंगा लिए विद्यार्थियों और एनएसएस स्वयंसेवकों ने राष्ट्रीय एकता, देशप्रेम और नागरिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।
कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल किसी संस्था या कार्यालय का आयोजन नहीं, बल्कि पूरे देश का राष्ट्रीय पर्व है। उन्होंने कहा कि भारतीय तिरंगा देश की पहचान, गौरव और अस्मिता का प्रतीक है। तिरंगा जहां भी दिखाई देता है, वहां भारतीय होने का गौरव और देश के प्रति जुड़ाव की भावना स्वतः जागृत होती है।
उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के वीरों को याद करते हुए कहा कि देश की आजादी के लिए असंख्य लोगों ने त्याग और बलिदान दिया। स्वतंत्रता दिवस उनके योगदान को स्मरण करने और उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का अवसर है।
कुलसचिव राजन श्रीवास्तव ने युवाओं की भागीदारी को सराहनीय बताते हुए कहा कि राष्ट्रीय पर्व से जुड़े कार्यक्रमों में विद्यार्थियों की सक्रिय मौजूदगी देश के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
छात्र अधिष्ठाता प्रो. रंजन कुमार सिंह ने कहा कि आज के युवा विकसित भारत-2047 के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले हैं। देश के भविष्य को मजबूत बनाने के लिए युवाओं को जिम्मेदारी, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना होगा।
एनएसएस बीएचयू की समन्वयक डॉ. स्वप्ना मीना ने विद्यार्थियों से स्वतंत्रता संग्राम के कम से कम दो सेनानियों की जीवनी पढ़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और समर्पण से प्रेरणा लेकर युवा वर्तमान समाज और देश के विकास में बेहतर योगदान दे सकते हैं।
विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के महासचिव प्रो. अनुपम नेमा ने विद्यार्थियों से जिम्मेदार नागरिक बनने और अपने सामाजिक दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।
तिरंगा रैली के माध्यम से बीएचयू परिसर में राष्ट्रीय एकता, देशप्रेम और स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सम्मान का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों से जुड़े शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी, एनएसएस स्वयंसेवक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।


No comments