• Breaking News

    नवंबर तक शुरू हो सकता है वाराणसी रोपवे, मंडलायुक्त ने निर्माण कार्यों में तेजी के दिए निर्देश

    वाराणसी :-
    शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को नया स्वरूप देने वाली बहुप्रतीक्षित रोपवे परियोजना को तय समयसीमा में पूरा करने की कवायद तेज हो गई है। सोमवार को मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने रोपवे के विभिन्न स्टेशनों का निरीक्षण कर निर्माण की प्रगति परखी। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से कार्यों की स्थिति की जानकारी ली और शेष काम को निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए।
    मंडलायुक्त ने गोदौलिया, गिरजाघर और रथयात्रा सहित प्रमुख स्टेशनों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर में चल रहे निर्माण, फिनिशिंग, आर्ट वर्क, यात्रियों की आवाजाही से जुड़े इंतजाम और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन कार्यों में थोड़ी भी देरी हो रही है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए।

    गोदौलिया स्टेशन पर यात्रियों के चढ़ने और उतरने से संबंधित निर्माण कार्यों की प्रगति देखी गई। वहीं, गिरजाघर स्टेशन पर कंट्रोल रूम समेत अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने का काम जारी है। रथयात्रा स्टेशन पर भी मंडलायुक्त ने निर्माण की स्थिति की समीक्षा करते हुए कार्यदायी संस्था को गति बढ़ाने के निर्देश दिए।

    उन्होंने कहा कि रोपवे के संचालन से शहर में यातायात का दबाव कम करने और यात्रियों को तेज एवं सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इसके लिए सभी संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं के बीच बेहतर तालमेल के साथ काम पूरा किया जाना जरूरी है।

    अधिकारियों के मुताबिक कैंट से रथयात्रा के बीच रोपवे का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। आगे के स्टेशनों पर तकनीकी और अलाइनमेंट से जुड़े कार्य चल रहे हैं। परियोजना को नवंबर तक पूरा करने के लक्ष्य के तहत अब बचे हुए कार्यों को तेजी से निपटाने पर जोर दिया जा रहा है।

    मंडलायुक्त ने नियमित अंतराल पर स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा करने और निर्माण के दौरान सामने आने वाली अड़चनों का तत्काल समाधान कराने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान रोपवे परियोजना की परियोजना निदेशक पूजा मिश्रा समेत संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्था के अधिकारी मौजूद रहे।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad