• Breaking News

    चौबेपुर में इंस्टाग्राम दोस्ती के बाद युवती को धमकी, रिश्तेदारों को भेजे फोटो-ऑडियो, केस दर्ज

    वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती के बाद एक युवती को कथित तौर पर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने युवती पर मिलने के लिए दबाव बनाया। इनकार करने पर फोटो-वीडियो वायरल करने और उसकी शादी तुड़वाने की धमकी दी। बाद में युवक ने युवती की कुछ तस्वीरें और कथित आपत्तिजनक ऑडियो उसके रिश्तेदारों को भेज दिए।

    पुलिस के अनुसार, चौबेपुर क्षेत्र की रहने वाली युवती की शादी तय होने से पहले उसकी इंस्टाग्राम के माध्यम से शिवम निषाद नाम के युवक से पहचान हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और ऑडियो तथा वीडियो कॉल के जरिए भी संपर्क होने लगा।

    युवती का आरोप है कि कुछ समय बाद शिवम उस पर मुलाकात के लिए दबाव बनाने लगा। युवती ने शादी तय होने की बात कहते हुए मिलने से मना कर दिया। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर उसकी तस्वीरें और वीडियो सार्वजनिक करने तथा शादी में परेशानी खड़ी करने की धमकी दी।

    आरोप है कि लगातार दबाव से परेशान युवती ने युवक से बातचीत बंद कर दी। इसके बाद उसने युवती से जुड़ी तस्वीरें और ऑडियो रिकॉर्डिंग उसके रिश्तेदारों तक पहुंचा दीं। घटना के बाद युवती और उसके परिवार ने पुलिस से शिकायत की।

    चौबेपुर थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि युवती की तहरीर के आधार पर शिवम निषाद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad