• Breaking News

    वाराणसी के मदरसों में गूंजा देशभक्ति का संदेश, ध्वजारोहण कर छात्रों ने मनाया स्वतंत्रता दिवस...

    वाराणसी :- देशभर में 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। वाराणसी के मदरसों में भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। मदरसों में ध्वजारोहण के साथ छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रगान और देशभक्ति के गीत प्रस्तुत किए। इस दौरान देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे का संदेश भी दिया गया।
    पीलीकोठी स्थित मदरसा मजहरुल उलूम में सुबह नौ बजे ध्वजारोहण किया गया। मदरसे के प्रबंधक मौलाना अखलाक अहमद और प्रधानाचार्य मौलाना रियाजुद्दीन ने अन्य शिक्षकों एवं सदस्यों की मौजूदगी में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रगान प्रस्तुत किया और देश के स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों को याद किया।
    आजादी का पर्व हर भारतीय के लिए गौरव का अवसर
    प्रधानाचार्य मौलाना रियाजुद्दीन ने कहा कि मदरसे में स्वतंत्रता दिवस पर हर वर्ष ध्वजारोहण किया जाता है। इस वर्ष भी परंपरा को जारी रखते हुए पूरे सम्मान के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगान देश के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को मजबूत करता है।
    उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता के बाद से ही मदरसे में स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण का आयोजन होता रहा है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने देश की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लिया।

    शहीदों की कुर्बानी को किया याद

    मदरसा प्रबंधक मौलाना अखलाक अहमद ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस उन वीरों को याद करने का अवसर है, जिनके संघर्ष और बलिदान के कारण देश आजाद हुआ। उन्होंने कहा कि देश में शांति, भाईचारा और सौहार्द कायम रहना जरूरी है।

    उन्होंने बताया कि ध्वजारोहण के बाद देश की तरक्की, अमन-चैन और सभी वर्गों के बीच आपसी सद्भाव के लिए दुआ की गई। उन्होंने कहा कि सभी लोगों को मिल-जुलकर देश की एकता और विकास में योगदान देना चाहिए।
    राष्ट्रगान के दौरान छात्राओं में दिखा उत्साह
    मदरसे की कक्षा आठ की छात्रा गुलफ्शां परवीन ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण और राष्ट्रगान में शामिल होकर उन्हें गर्व महसूस हुआ। उन्होंने कहा कि देश को आजादी दिलाने में अलग-अलग समुदायों के लोगों ने योगदान दिया और उनके बलिदान को हमेशा याद किया जाना चाहिए।

    बजरडीहा के मदरसे में भी फहराया गया तिरंगा

    स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर वाराणसी के बजरडीहा स्थित मदरसा अहयाउस्सुन्ना में भी ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां मदरसे के प्रबंधक इरफान अंसारी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। कार्यक्रम में मदरसे के सदर हाजी मोहम्मद इलियास, प्रधानाचार्य वसीम अख्तर सहित शिक्षक और अन्य लोग मौजूद रहे।
    दोनों मदरसों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति के गीत और नारे प्रस्तुत करते हुए स्वतंत्रता दिवस को पूरे उत्साह के साथ मनाया।


    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad