वाराणसी : शादी तय होने से नाराज प्रेमी पर युवती की हत्या का आरोप, किराए के कमरे में मिला शव...
वाराणसी :- रोहनिया थाना क्षेत्र के अखरी चौकी अंतर्गत बच्छांव पश्चिमपुरा में गुरुवार को एक युवती का शव किराए के कमरे से बरामद होने के बाद सनसनी फैल गई। युवती के परिजनों ने उसके प्रेमी पर अपहरण कर हत्या करने का आरोप लगाया है। सूचना के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका राजातालाब थाना क्षेत्र की जक्खिनी चौकी के अंतर्गत मरूई गांव की रहने वाली थी। वह अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी। उसके पिता जक्खिनी क्षेत्र में रेडीमेड कपड़ों की दुकान चलाते हैं। परिजनों के मुताबिक, युवती की शादी कुछ दिन पहले ही पड़ोसी गांव में तय हुई थी और नवंबर में विवाह होना प्रस्तावित था।
बताया गया कि युवती का चोलापुर थाना क्षेत्र के नियारडीह निवासी एक युवक से प्रेम संबंध था। युवक मीरजापुर के भुआलपुर स्थित अपने ननिहाल में रहकर मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) का काम करता था। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक ने करीब एक महीने पहले बच्छांव पश्चिमपुरा में किराए पर कमरा लिया था।
परिजनों के अनुसार, 18 अगस्त की सुबह युवती जगतपुर कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली थी। देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने राजातालाब थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान जांच की दिशा बच्छांव पश्चिमपुरा स्थित उस कमरे की ओर गई, जहां युवक के ठहरने की जानकारी सामने आई।
गुरुवार को परिजनों को युवक के ननिहाल से कमरे की चाबी मिली। इसके बाद वे मौके पर पहुंचे और पुलिस तथा कंट्रोल रूम को सूचना दी। कमरा खोलने पर बाथरूम में युवती का शव मिला। शव से दुर्गंध आने लगी थी। घटना की सूचना मिलते ही अखरी चौकी प्रभारी धर्मेंद्र कुमार राजपूत, थाना प्रभारी राजू सिंह और एसीपी रोहनिया अवधेश विश्वकर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि युवती की हत्या कमरे के भीतर की गई। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर संदिग्ध युवक की तलाश कर रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी, डीसीपी गोमती, एडीसीपी वरुणा जोन और एसीपी रोहनिया समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं।
मृतका की मां ने आरोप लगाया कि शादी तय होने से नाराज युवक ने उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

No comments