PM मोदी के जन्मदिन पर कंदवा में विरोध का अलग अंदाज, गंदे पानी में दीप जलाकर जताई नाराजगी
सीवर के गंदे पानी के बीच जलाए दीप, सपा ने कंदवा में जलभराव के खिलाफ दर्ज कराया विरोध...
- राधिका तिवारी
वाराणसी :- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर जहां शहर में विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए उत्सव मनाया गया, वहीं कंदवा वार्ड में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जलभराव की समस्या को लेकर अनोखे तरीके से विरोध दर्ज कराया। कॉलोनी के मुख्य मार्ग पर लंबे समय से जमा सीवर के पानी के बीच दीप जलाकर स्थानीय समस्याओं की ओर नगर निगम और प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया गया।
प्रदर्शन का नेतृत्व समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष एवं बाबा साहेब अंबेडकर वाहिनी से जुड़े अमन यादव ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सीवर के पानी के बीच दीप जलाए और तख्तियां लेकर व्यवस्था पर सवाल उठाए। प्रदर्शन के जरिए क्षेत्र में लंबे समय से बनी जलनिकासी की समस्या को प्रमुखता से उठाया गया।
अमन यादव का आरोप है कि कंदवा वार्ड में मुख्य मार्ग पर काफी समय से सीवर का गंदा पानी जमा है। इससे स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। उनका कहना है कि जलभराव के कारण सड़क और आसपास के इलाके में गंदगी की स्थिति बनी रहती है, जिससे लोगों को रोजाना दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि कंदवा क्षेत्र उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री एवं विधान परिषद सदस्य हंसराज विश्वकर्मा से जुड़ा इलाका है। इसके बावजूद यहां जलनिकासी की समस्या का लंबे समय से समाधान नहीं हो सका है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि शहर में विकास और उत्सव के आयोजनों के साथ नागरिकों की बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान भी प्राथमिकता में होना चाहिए।
सपा नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर दीप जलाने के कार्यक्रमों के बीच कंदवा में सीवर के पानी के बीच दीप जलाना क्षेत्र की जमीनी स्थिति को सामने रखने का प्रतीकात्मक प्रयास है। उन्होंने नगर निगम और प्रशासन से जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान अश्वनी सिंह, अमन कुमार, सुजल कौशिक, धनेश राजभर समेत अन्य कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

No comments