• Breaking News

    पीएम मोदी के जन्मदिन पर बाबा विश्वनाथ की शरण में पहुंचे दिग्गज, योगी-राजनाथ समेत नायडू-चिराग रहे मौजूद

    काशी विश्वनाथ धाम में गूंजे जन्मदिन के जयकारे, योगी-राजनाथ ने काटा केक; नायडू-चिराग भी रहे मौजूद...

    काशी विश्वनाथ धाम में पूजा करते दिग्गज - फोटो : मंदिर प्रशासन
    • राधिका तिवारी
    वाराणसी :- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर गुरुवार को काशी विश्वनाथ धाम में विशेष धार्मिक आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री के स्वस्थ, दीर्घायु और सफल जीवन की कामना को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत कई प्रमुख नेताओं ने बाबा विश्वनाथ का विधिवत पूजन-अर्चन किया।
    धाम परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार और मंगलाचरण के बीच विशेष पूजा संपन्न हुई। नेताओं ने बाबा विश्वनाथ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की प्रार्थना की। पूजा के बाद सभी ने श्रीकाशी विश्वनाथ धाम परिसर का भ्रमण भी किया।

    सफाईकर्मियों और पुरोहितों का हुआ सम्मान
    कार्यक्रम के दौरान काशी विश्वनाथ धाम में सेवा देने वाले स्वच्छता प्रहरियों को सम्मानित किया गया। मंदिर परिसर की स्वच्छता व्यवस्था में योगदान देने वाले कर्मचारियों को प्रसाद, अंगवस्त्रम और दक्षिणा भेंट की गई। विशेष पूजा में मंगलाचरण करने वाले बटुकों और तीर्थ पुरोहितों का भी सम्मान किया गया।
    सम्मान समारोह में पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देखने को मिला। सम्मान और प्रसाद की सामग्री पर्यावरण अनुकूल जूट के झोलों में वितरित की गई।

    श्रद्धालुओं के बीच काटा गया केक

    पूजन और सम्मान कार्यक्रम के बाद नेताओं ने श्रद्धालुओं और आम लोगों के बीच केक काटकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन मनाया। केक लोगों में वितरित किया गया। इस दौरान धाम परिसर में डमरू वादन भी हुआ, जिससे वातावरण भक्तिमय हो उठा।
    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री और काशी के सांसद नरेंद्र मोदी का जन्मदिन सभी के लिए गौरव और सौभाग्य का अवसर है। उन्होंने बताया कि बाबा विश्वनाथ के दरबार में प्रधानमंत्री के स्वस्थ रहने की कामना के साथ पूजा-अर्चना की गई। उन्होंने पुरोहितों, आचार्यों और धाम में सेवा देने वाले सफाई कर्मचारियों के सम्मान को भी कार्यक्रम का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
    योगी ने वडनगर से काशी तक बाइक रैली में शामिल बाइकर्स से संवाद कर उन्हें प्रसाद भी वितरित किया।



    राजनाथ ने की स्वस्थ जीवन की कामना
    रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर काशी में पूजा-अर्चना को विशेष अवसर बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री के आजीवन स्वस्थ रहने की कामना की, ताकि देश विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ता रहे।
    नायडू बोले- देश को पीएम मोदी पर गर्व

    आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने काशी विश्वनाथ धाम में प्रधानमंत्री का जन्मदिन मनाने को ऐतिहासिक अवसर बताया। उन्होंने कहा कि यह खुशी और गर्व का दिन है। नायडू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि आने वाले 25 वर्षों में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में देश आगे बढ़ेगा।

    प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर काशी विश्वनाथ धाम में हुए इस आयोजन में धार्मिक अनुष्ठान, जनभागीदारी, स्वच्छता प्रहरियों का सम्मान और सेवा भाव का संदेश एक साथ देखने को मिला।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad