• Breaking News

    मिठाई के झोले में मिला नवजात, रोने की आवाज सुनकर खेत पहुंची महिला ने बचाई मासूम की जान

    • राधिका तिवारी
    वाराणसी :- शिवपुर थाना क्षेत्र के सुद्धिपुर कठवतिया गांव में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब खेत के पास मिठाई के झोले में एक नवजात शिशु मिला। झोले से आ रही रोने की आवाज सुनकर स्थानीय महिला ने मौके पर पहुंचकर मासूम को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात को इलाज के लिए अस्पताल भेजा।

    सुद्धिपुर निवासी रीता ने बताया कि सुबह करीब पांच बजे वह घर की सफाई कर रही थीं। इसी दौरान उन्हें झाड़ियों की ओर से बच्चे के रोने जैसी आवाज सुनाई दी। पहले उन्हें लगा कि शायद किसी जानवर के बच्चे की आवाज होगी। घरेलू काम निपटाने के बाद रीता अपनी मां के साथ खेत की ओर गईं। वहां पहुंचने पर उन्हें दोबारा तेज रोने की आवाज सुनाई दी।

    रीता ने आवाज की दिशा में जाकर देखा तो खेत के पास मिठाई का एक झोला पड़ा था। संदेह होने पर उन्होंने अपनी मां के साथ झोला खोला तो अंदर नवजात शिशु को देखकर दोनों हैरान रह गईं। इसके बाद आसपास के ग्रामीणों को सूचना दी गई। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

    ग्रामीणों ने तत्काल शिवपुर थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नवजात को अपने संरक्षण में लेकर स्वास्थ्य परीक्षण के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल भेज दिया।

    स्थानीय लोगों के मुताबिक, समय रहते नवजात के मिल जाने से उसकी जान बच गई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बच्चे को खेत के पास कौन छोड़कर गया था। इसके लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad