हाईवे पर खड़े ट्रकों से मोबाइल चोरी का खेल, चोर और खरीदार गिरफ्तार
- चंदौली हाईवे पर ट्रक चालकों के मोबाइल उड़ाने का आरोप; 14 स्मार्टफोन और ₹48,100 नकद बरामद, हृदयपुर अंडरपास के पास पुलिस ने दबोचा
वाराणसी :- सारनाथ थाना पुलिस ने चोरी के मोबाइल फोन की खरीद-बिक्री करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों के कब्जे से 14 एंड्रॉइड मोबाइल फोन और ₹48,100 की नकदी बरामद हुई है। कार्रवाई 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' के तहत 16 सितंबर 2026 की देर रात हृदयपुर अंडरपास के पास की गई।
चेकिंग के दौरान मिली सूचना, पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर की रात सारनाथ पुलिस टीम सथवा चौराहे पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हृदयपुर अंडरपास के पास चोरी के मोबाइल फोन की खरीद-बिक्री के लिए कुछ लोग मौजूद हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दो संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से अलग-अलग कंपनियों के 14 एंड्रॉइड मोबाइल फोन और ₹48,100 नकद बरामद होने की बात पुलिस ने कही है।
ट्रक चालकों को बनाते थे निशाना
पुलिस की पूछताछ में मुख्य आरोपी के तौर पर चिन्हित किशन राजभर ने कथित तौर पर बताया कि वह चंदौली राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे खड़े भारी वाहनों और ट्रकों के चालकों को निशाना बनाता था। मौका मिलते ही वह उनके मोबाइल फोन चोरी कर लेता था।
पुलिस के मुताबिक, चोरी किए गए मोबाइल वह अविनाश दीक्षित को कम कीमत पर बेच देता था। इसके बाद अविनाश इन मोबाइलों को आगे बेचने का काम करता था। पुलिस अब बरामद मोबाइलों के संबंध में उनके वास्तविक मालिकों की पहचान और अन्य संभावित मामलों से कनेक्शन की जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी
- 1. किशन राजभर (24) पुत्र अमरनाथ राजभर, निवासी बेनीपुर, थाना सारनाथ, वाराणसी।
- 2. अविनाश दीक्षित (31) पुत्र हरेंद्र दीक्षित, निवासी अशोक बिहार कॉलोनी, थाना सारनाथ, वाराणसी।
पुलिस के अनुसार, किशन राजभर के खिलाफ पूर्व में मारपीट, रंगदारी और अपहरण से संबंधित मुकदमे भी दर्ज हैं।
14 मोबाइल और नकदी बरामद
सारनाथ पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के 14 चोरी के एंड्रॉइड स्मार्टफोन और ₹48,100 नकद बरामद किए हैं। मामले में थाना सारनाथ पर मु0अ0सं0 0481/2026 के तहत बीएनएस की धारा 317(2) और 317(4) में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष पंकज कुमार त्रिपाठी, उपनिरीक्षक राहुल कुमार यादव, उपनिरीक्षक सौरवपति त्रिपाठी, हेड कांस्टेबल दिलीप यादव, हेड कांस्टेबल पंकज सिंह, कांस्टेबल रवि कुमार गौतम, कांस्टेबल सुमित सिंह, कांस्टेबल गोविंद कुमार और रिजर्व कांस्टेबल विवेक कुमार शामिल रहे।

No comments