पीएम मोदी के जन्मदिन पर काशी में NDA का जुटान, नायडू-शिंदे समेत कई बड़े नेता होंगे मौजूद
वाराणसी :- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन और सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर गुरुवार को काशी में बड़ा आयोजन होने जा रहा है। प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में आयोजित कार्यक्रम में एनडीए के कई प्रमुख नेता और सहयोगी दलों के नेता शामिल होंगे। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी प्रस्तावित है। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के भी कार्यक्रम में शामिल होने की जानकारी सामने आई है।
प्रधानमंत्री के जन्मदिन से भाजपा का 'सेवा संकल्प अभियान' भी शुरू होगा। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जाना है। इसके तहत सेवा, जनसंपर्क और विभिन्न सामाजिक गतिविधियों के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान को प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों से भी जोड़ा गया है।
काशी से वडनगर तक निकलेगी सेवा संकल्प यात्रा
जन्मदिन समारोह का प्रमुख आकर्षण वाराणसी और गुजरात के वडनगर के बीच प्रस्तावित बाइक यात्राएं होंगी। प्रधानमंत्री का जन्मस्थान वडनगर और संसदीय क्षेत्र काशी पहली बार इस आयोजन के जरिए बाइक यात्राओं से सीधे जोड़े जाएंगे। 17 सितंबर को दोनों शहरों से यात्राओं को एक साथ रवाना किया जाएगा और इनका समापन 7 अक्टूबर को प्रस्तावित है।
वाराणसी में रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर से निकलने वाली यात्रा को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हरी झंडी दिखाएंगे। वहीं वडनगर में गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में दूसरी यात्रा को रवाना किए जाने की जानकारी है। इसे 'जन्मभूमि से कर्मभूमि' सेवा यात्रा के रूप में भी प्रचारित किया जा रहा है।
40 हजार किलोमीटर का सफर, 10 राज्यों से होकर गुजरेगी यात्रा
दोनों दिशाओं में चलने वाली बाइक यात्राएं करीब 40 हजार किलोमीटर की दूरी तय करेंगी। यात्रा करीब 10 राज्यों के 193 जिलों और लगभग 1,159 गांवों से होकर गुजरने की योजना है। इसमें देशभर से करीब एक हजार युवाओं के शामिल होने की बात कही गई है। रास्ते में जनसंपर्क और विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए यात्रा को आगे बढ़ाया जाएगा।
वडनगर में भी जुटेंगे बड़े नेता
वडनगर में होने वाले फ्लैग-ऑफ कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल समेत अन्य नेताओं के शामिल होने की जानकारी है।
इस तरह प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर काशी और वडनगर दोनों प्रमुख केंद्र बनेंगे। एक ओर काशी में एनडीए के नेताओं का जमावड़ा होगा, वहीं दूसरी ओर वडनगर से शुरू होने वाली यात्रा प्रधानमंत्री के जन्मस्थान को उनके संसदीय क्षेत्र से जोड़ेगी।

No comments