गुमटियों को रात में बनाता था निशाना, दिन में करता था रेकी; चोरी के सामान संग युवक गिरफ्तार
वाराणसी :- मण्डुवाडीह थाना पुलिस ने दुकानों और गुमटियों में चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी दिन में बाजार की रेकी करता था और रात में सुनसान मौका देखकर गुमटियों के टीन शेड उखाड़कर अंदर रखा सामान और नकदी पार कर देता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का सौंदर्य प्रसाधन, गिफ्ट आइटम, कपड़े, बैलून और नकदी बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, 15 सितंबर को पश्चिमी बाजार क्षेत्र की कई दुकानों और गुमटियों से सामान व रुपये चोरी होने की शिकायतें सामने आई थीं। दुकानदारों की तहरीर पर मण्डुवाडीह थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक विशाल कुमार सिंह को सौंपी गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध की पहचान की और उसकी तलाश शुरू कर दी।
चोरी का माल खपाने निकला था, पुलिस ने दबोचा
थानाध्यक्ष दिगंबर उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 15 सितंबर की रात करीब 8:40 बजे BLW परिसर के नथू गेट के पास घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार इसी दौरान आरोपी चोरी का सामान बेचने की कोशिश कर रहा था। टीम ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आशीष पटेल उर्फ बल्लू (26 वर्ष), निवासी जलालीपट्टी, थाना मण्डुवाडीह, वाराणसी के रूप में हुई है।
चोरी का सामान बरामद
पुलिस ने आरोपी के पास से विभिन्न कंपनियों के गिफ्ट आइटम, अलग-अलग ब्रांड की क्रीम, 10 लोअर, 8 पैकेट बैलून और 5,330 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद सामान को पुलिस ने चोरी की घटनाओं से जोड़ते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पूछताछ में सामने आया चोरी का तरीका
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले दिन में बाजार में घूमकर ऐसी दुकानों और गुमटियों को चिन्हित करता था, जहां रात में आसानी से पहुंचा जा सके। इसके बाद रात में मौका देखकर टीन शेड हटाकर अंदर प्रवेश करता और सामान व नकदी चोरी कर लेता था। चोरी के सामान को बाद में कम कीमत पर राहगीरों को बेचने का प्रयास करता था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष दिगंबर उपाध्याय, उपनिरीक्षक विशाल कुमार सिंह, उपनिरीक्षक चंद्रशेखर यादव, हेड कांस्टेबल चंद्रप्रकाश गुप्ता, कांस्टेबल सूर्यभान सिंह, अभ्युदन सिंह, अविनाश यादव और अभिषेक कुमार शामिल रहे।

No comments