वाराणसी: थाना कैंट पहुंचे पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, लंबित विवेचनाओं पर सख्त रुख; महिला सुरक्षा से लेकर पुलिसकर्मियों की सुविधाओं तक दिए निर्देश
- राधिका तिवारी
वाराणसी :- कमिश्नरेट वाराणसी में बेहतर और जवाबदेह पुलिसिंग को लेकर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शनिवार को थाना कैंट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वरुणा जोन के सर्किल कैंट और रोहनियां क्षेत्र के थानों में लंबित कालबाधित विवेचनाओं की समीक्षा की। पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को प्रत्येक मामले में गुणवत्तापूर्ण साक्ष्य संकलन, प्रभावी पर्यवेक्षण और समयबद्ध तरीके से विवेचना पूरी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने ‘थाना गोद लेने’ की पहल के तहत अधिकारियों को थानों की कार्यप्रणाली की नियमित समीक्षा करने को कहा। उन्होंने अपराध नियंत्रण, जनसुनवाई, पुलिसकर्मियों के कल्याण और थाना स्तर पर आने वाली कमियों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।साइबर और तकनीकी पुलिसिंग पर विशेष जोर
पुलिस आयुक्त ने पुलिसकर्मियों से साइबर सुरक्षा, प्रतिबिम्ब एप, सीसीटीएनएस, आरटीसी, जेडएफडी, फॉरेंसिक जांच, साक्ष्य संकलन, सीडीआर और आईपीडीआर समेत विभिन्न तकनीकी विषयों की जानकारी ली। उन्होंने पुलिसकर्मियों की तकनीकी दक्षता बढ़ाने और आधुनिक संसाधनों का प्रभावी इस्तेमाल करने के निर्देश दिए।महिला सुरक्षा को लेकर मिशन शक्ति केंद्र को सक्रिय करने के निर्देश
मिशन शक्ति केंद्र की महिला पुलिसकर्मियों को विद्यालयों, हॉस्टल और कोचिंग संस्थानों में नियमित जागरूकता कार्यक्रम चलाने के निर्देश दिए गए। महिलाओं और छात्राओं से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी लेने तथा उन्हें 1090, 112 और 1930 हेल्पलाइन के बारे में जागरूक करने को कहा गया।
शिक्षण संस्थानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की नियमित जांच करने, कैमरों के क्रियाशील होने की पुष्टि करने और कमियां मिलने पर संबंधित संस्थानों को नोटिस देने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही शोहदों और संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
महिला पुलिसकर्मियों की फील्ड ड्यूटी पर जोर
पुलिस आयुक्त ने मिशन शक्ति केंद्र से जुड़ी महिला पुलिसकर्मियों को केवल कार्यालय तक सीमित न रहने, बल्कि नियमित रूप से गश्त, चेकिंग और जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने महिलाओं और छात्राओं से लगातार संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को समझने पर भी जोर दिया।
नए रिक्रूटों का होगा साप्ताहिक मूल्यांकन
निरीक्षण के दौरान नए रिक्रूट आरक्षियों से पुलिसिंग और तकनीकी विषयों से संबंधित जानकारी ली गई। उनकी कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए साप्ताहिक मूल्यांकन करने और सभी आरक्षियों को बीट आवंटित करने के निर्देश दिए गए, ताकि क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता और जवाबदेही बढ़ाई जा सके।
जनसुनवाई में व्यवहार और समाधान दोनों पर जोर
पुलिस आयुक्त ने जनसुनवाई में तैनात पुलिसकर्मियों को आगंतुकों के साथ सौम्य और सम्मानजनक व्यवहार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और उनके प्रभावी समाधान के साथ सकारात्मक फीडबैक भी सुनिश्चित किया जाए।
यातायात व्यवस्था और अतिक्रमण पर कार्रवाई
थानाध्यक्षों, हल्का प्रभारियों और संबंधित अधिकारियों को नियमित स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने, अतिक्रमण हटाने, जाम की स्थिति रोकने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा गया।
पुलिसकर्मियों की सुविधाओं पर भी ध्यान
पुलिस आयुक्त ने थाना परिसर की साफ-सफाई, पुलिसकर्मियों के लिए बेहतर मेस व्यवस्था और गुणवत्तापूर्ण व पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। आगंतुकों के लिए शुद्ध पेयजल की व्यवस्था तथा महिलाओं के लिए अलग शौचालय उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि बेहतर पुलिसिंग के लिए अपराध नियंत्रण के साथ-साथ जनसुनवाई, तकनीकी दक्षता, महिला सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और पुलिसकर्मियों के कल्याण पर समान रूप से ध्यान देना जरूरी है।
इस दौरान पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन प्रमोद कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन लिपि नागयाच सहित संबंधित सहायक पुलिस आयुक्त, थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।



No comments