Varanasi: गंजारी स्टेडियम में क्रिकेट की दस्तक, अक्टूबर में उद्घाटन की तैयारी; नवंबर में रणजी मैच की उम्मीद
वाराणसी :- पूर्वांचल के क्रिकेट प्रेमियों के लिए गंजारी से बड़ी खबर सामने आ रही है। वाराणसी में तैयार हो रहा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम अब उद्घाटन और पहले मुकाबले की ओर बढ़ रहा है। प्रशासनिक स्तर पर अक्टूबर के तीसरे सप्ताह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों स्टेडियम के उद्घाटन की तैयारियां किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, उद्घाटन की आधिकारिक तिथि अभी घोषित नहीं हुई है।
स्टेडियम के उद्घाटन के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की टीम यहां का निरीक्षण कर सकती है। निरीक्षण के दौरान पिच, आउटफील्ड, खिलाड़ियों के लिए सुविधाएं, दर्शक दीर्घा, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य जरूरी क्रिकेट मानकों को परखा जाएगा। बीसीसीआई की मंजूरी के बाद ही यहां आधिकारिक मुकाबलों के आयोजन का रास्ता साफ होगा।
गंजारी में नवंबर के दौरान रणजी ट्रॉफी का मुकाबला कराए जाने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, बीसीसीआई की ओर से अभी तक गंजारी को रणजी मुकाबले का आधिकारिक वेन्यू घोषित नहीं किया गया है। ऐसे में नवंबर में मैच होने की बात फिलहाल संभावित कार्यक्रम के तौर पर ही देखी जा रही है।
बीसीसीआई ने 2026-27 घरेलू क्रिकेट सत्र का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इस पूरे सत्र में बड़ी संख्या में घरेलू मुकाबले खेले जाने हैं और रणजी ट्रॉफी का आयोजन दो चरणों में होगा। गंजारी स्टेडियम तैयार होने के बाद यहां रणजी मुकाबला कराकर मैदान की पिच, आउटफील्ड और अन्य व्यवस्थाओं को वास्तविक मैच के दौरान परखने की योजना पर भी चर्चा है।
करीब 450 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रहा गंजारी स्टेडियम वाराणसी को बड़े क्रिकेट आयोजनों के नक्शे पर स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण परियोजना माना जा रहा है। स्टेडियम पूरी क्षमता से तैयार होने के बाद यहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुकाबले आयोजित किए जा सकेंगे।
फिलहाल 2026-27 के घरेलू अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कार्यक्रम में नवंबर के दौरान भारतीय टीम का वाराणसी में कोई मुकाबला निर्धारित नहीं है। दिसंबर में श्रीलंका के खिलाफ होने वाली घरेलू सीरीज के मुकाबले दिल्ली, बेंगलुरु, अहमदाबाद, राजकोट, कटक और पुणे में प्रस्तावित हैं। ऐसे में गंजारी में पहला बड़ा मुकाबला होने की स्थिति में रणजी ट्रॉफी को संभावित विकल्प माना जा रहा है।
इसके अलावा अगले साल महिला प्रीमियर लीग के मुकाबलों के लिए भी वाराणसी का नाम संभावित स्थलों में सामने आया है। यदि गंजारी स्टेडियम में घरेलू क्रिकेट मुकाबलों का सफल आयोजन होता है, तो भविष्य में यहां बड़े स्तर के क्रिकेट आयोजनों की राह और मजबूत हो सकती है।
हालांकि, रणजी मुकाबले की तारीख, टीमों और वेन्यू को लेकर बीसीसीआई की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है। फिलहाल अक्टूबर में उद्घाटन और उसके बाद बीसीसीआई निरीक्षण को स्टेडियम के क्रिकेट सफर की अगली बड़ी कड़ी माना जा रहा है।

No comments